न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 26 अगस्त कुल्टी। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस के अवसर पर बराकर में ईद मिलादुन्नबी का भव्य जुलूस निकाला गया। विभिन्न इलाकों से निकले जुलूसों का बराकर रेलवे स्टेशन के समीप महासंगम हुआ, जहां देखते ही देखते बड़ी संख्या में अकीदतमंदों की भीड़ जुट गई। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक आस्था के साथ देशभक्ति और सामाजिक सौहार्द का संदेश भी देखने को मिला।हाजी नबी, नगर आरा डंगाल, जमाली मोहल्ला, करीम डंगाल, मनबढ़िया और बालतोड़िया समेत कई क्षेत्रों से अलग-अलग जुलूस निकाले गए। अपने निर्धारित मार्गों से गुजरते हुए सभी जुलूस बराकर रेलवे स्टेशन पहुंचे। इसके बाद स्टेशन रोड से बिगनिया मोड़ होते हुए जीटी रोड के रास्ते हनुमान चढ़ाई तक महाजुलूस निकाला गया।जुलूस में बड़ी संख्या में युवाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने हिस्सा लिया। लोगों के हाथों में इस्लामी झंडों के साथ राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भी नजर आया। नात-ओ-शरीफ और धार्मिक नारों के बीच तिरंगा लहराते लोगों ने देशप्रेम और धार्मिक आस्था के खूबसूरत संगम की तस्वीर पेश की।आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। कुल्टी एसीपी जावेद हुसैन और बराकर थाना प्रभारी अंजन कुमार रजक पुलिस बल के साथ जुलूस के मार्ग पर मौजूद रहे। अधिकारियों की निगरानी में कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।आयोजन में बराकर मुस्लिम वेलफेयर सोसाइटी के सदर अली हुसैन उर्फ मुन्ना सहित जमाल कादरी, अब्दुल बारीक तब्बू, अमजद खान गब्बर, फखरुद्दीन, सोनू, अरमान और रेहान समेत कई लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई।वहीं, वार्ड 67 की पूर्व पार्षद टुंपा चौधरी ने बच्चों और बुजुर्गों के बीच शरबत, मीठा पानी और मिठाइयां वितरित कर भाईचारे का संदेश दिया। समापन पर उलेमाओं और अकीदतमंदों ने देश की शांति, खुशहाली, तरक्की और आपसी सद्भाव के लिए सामूहिक दुआ की।
तिरंगे और इस्लामी परचम के साथ बराकर में निकला ईद मिलादुन्नबी का भव्य जुलूस, अमन-चैन की दुआ से गूंजा शहर

