पानी से लबालब गड्ढे में पलटी सवारियों से भरी टोटो, बाल-बाल बचीं महिलाएं; जर्जर सड़क को लेकर फूटा लोगों का गुस्सा

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 26 अगस्त सालानपुर। देन्दुआ-कल्याणेश्वरी सड़क की बदहाल स्थिति एक बार फिर हादसे का कारण बन गई। एलोक्वेंट स्टील फैक्ट्री मोड़ के पास पानी से भरे गहरे गड्ढे में पहिया चले जाने से सवारियों से भरी एक टोटो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद टोटो में सवार कई महिला यात्री कीचड़युक्त पानी में जा गिरीं और वाहन के नीचे फंस गईं। हालांकि समय रहते लोगों की मदद मिलने से बड़ा हादसा टल गया।जानकारी के अनुसार टोटो में सवार महिलाएं कल्याणेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए जा रही थीं। सड़क के किनारे से गुजरने के दौरान बारिश के पानी से पूरी तरह डूबे गड्ढे का अंदाजा चालक को नहीं हो सका। जैसे ही टोटो का पहिया गड्ढे में गया, वाहन असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गया। देखते ही देखते उसमें सवार महिलाएं कीचड़ और गंदे पानी में गिर पड़ीं।घटना के समय पास में अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे मजदूर मौजूद थे। टोटो पलटते ही मजदूर दौड़कर मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने भी मोर्चा संभाला। काफी मशक्कत के बाद टोटो के नीचे फंसी महिलाओं को एक-एक कर बाहर निकाला गया। संयोग से वाहन में कोई बच्चा या बुजुर्ग सवार नहीं था, जिससे गंभीर अनहोनी टल गई।हादसे के बाद स्थानीय लोगों का आक्रोश खुलकर सामने आया। लोगों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब है और जगह-जगह बने गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से खतरा और बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने घटना का वीडियो भी मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड किया और सड़क की मरम्मत में कथित लापरवाही को लेकर प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई।लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में इससे भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने संबंधित विभाग से तत्काल सड़क दुरुस्त कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *