बर्नपुर रिवरसाइड स्कूल के वार्षिकोत्सव में मेधाओं का सम्मान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 6 नवंबर चित्तरंजन। रेलनगरी चित्तरंजन स्थित बर्नपुर रिवरसाइड स्कूल में गुरुवार को वार्षिक पुरस्कार एवं स्कॉलर बैज वितरण समारोह-2026 उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक उल्लास के बीच संपन्न हुआ। ‘ए सेलिब्रेशन ऑफ एक्सीलेंस’ की थीम पर आयोजित इस समारोह में शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। वहीं, छात्र-छात्राओं की रंगारंग प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना (चिरेका) के महाप्रबंधक मोहित चंद्रा उपस्थित रहे।कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत और पारंपरिक अभिनंदन से हुई। इसके पश्चात विद्यालय गान एवं राष्ट्रीय गीत की प्रस्तुति दी गई। समारोह में देशबंधु चित्तरंजन दास के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके राष्ट्रवादी विचारों और सामाजिक योगदान को नमन किया गया। इसके बाद दीप प्रज्वलित कर ज्ञान, सकारात्मकता और उज्ज्वल भविष्य का संदेश दिया गया।विद्यालय के विद्यार्थियों ने संगीत और प्रार्थना की मनमोहक प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्तिमय एवं संगीतमय बना दिया। प्रधानाचार्य ने स्वागत भाषण के माध्यम से समारोह के उद्देश्यों और विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि महाप्रबंधक मोहित चंद्रा सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और निरंतर सीखने की प्रेरणा दी।समारोह का विशेष आकर्षण मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान रहा। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं स्कॉलर बैज प्रदान किए गए। सम्मान पाकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।इसके बाद आयोजित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में ऋतुओं की छटा, सामाजिक एकजुटता, प्रकृति एवं ब्रह्मांड की चेतना, सत्य की खोज और भविष्य की संभावनाओं को नृत्य, संगीत तथा नाट्य के माध्यम से मंच पर उतारा गया। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।अंत में आयोजन को सफल बनाने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *