आलोक घोष की स्मृति में सीएलडब्ल्यू लेबर यूनियन का स्वास्थ्य सेवा अभियान, 60 मरीजों की हुई जांच

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 5 अक्टूबर चित्तरंजन। सीएलडब्ल्यू लेबर यूनियन की ओर से पूर्व महासचिव कॉमरेड आलोक घोष की स्मृति में रविवार को नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विशेष रूप से ठेका श्रमिकों और महिला श्रमिकों को प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था।शिविर में चिकित्सक डॉ. कृष्ण भानु बनर्जी और डॉ. सुदीप्त महापात्र ने स्वेच्छा से अपनी सेवाएं दीं। दोनों चिकित्सकों ने शिविर में पहुंचे करीब 60 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की। जांच के बाद मरीजों को उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के अनुरूप आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया। श्रमिकों और उनके परिवारों ने इस पहल को उपयोगी बताते हुए यूनियन के प्रयास की सराहना की।यूनियन के महासचिव राजीब गुप्ता ने शिविर में समय देकर मरीजों की जांच करने वाले दोनों चिकित्सकों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि श्रमिक वर्ग और जरूरतमंद परिवारों तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाना सामाजिक जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसी उद्देश्य से यूनियन भविष्य में भी इस तरह की जनोपयोगी गतिविधियों को आगे बढ़ाने का प्रयास करेगी।इस अवसर पर राजीब गुप्ता ने आम लोगों और यूनियन के शुभचिंतकों से एक महत्वपूर्ण अपील भी की। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास ऐसी वैध और उपयोगी दवाइयां उपलब्ध हैं, जिनकी अब उन्हें आवश्यकता नहीं है, वे उन्हें जरूरतमंदों के लिए दान कर सकते हैं। इससे आर्थिक रूप से कमजोर श्रमिकों और उनके परिवारों को आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।यूनियन का कहना है कि समाज के सहयोग से इस तरह की पहल को और व्यापक बनाया जा सकता है, जिससे जरूरतमंद लोगों को समय पर स्वास्थ्य सहायता मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *