रूपनारायणपुर में नाली बनी ग्रामीणों की मुसीबत, गोबर से जाम हुआ रास्ता; जलजमाव से बढ़ी परेशानी

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 31 अगस्त रूपनारायणपुर। रूपनारायणपुर पंचायत के रूपनारायणपुर गांव में सरकारी स्तर पर बनाई गई नाली इन दिनों ग्रामीणों के लिए सुविधा के बजाय परेशानी का सबब बन गई है। नाली की नियमित सफाई नहीं होने और उसमें लगातार गोबर डाले जाने से जल निकासी की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। बारिश के दौरान गंदा पानी और गोबर सड़कों पर फैलने से स्थानीय लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है।ग्रामीणों का कहना है कि गांव के आदिवासी बहुल इलाके में लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं के विकास की अनदेखी की जा रही है। काफी आग्रह के बाद जल निकासी के लिए सरकारी नाली का निर्माण कराया गया था, लेकिन निर्माण के कुछ समय बाद ही इसकी उपयोगिता समाप्त हो गई। स्थानीय निवासी मिंटू घोष के अनुसार, नाली बनने के बाद महज एक-दो महीने तक ही ठीक से पानी की निकासी हो सकी। इसके बाद नाली में गंदगी जमा होने लगी और धीरे-धीरे यह गोबर डालने की जगह बन गई।बारिश होते ही नाली में जमा गोबर और गंदा पानी बाहर निकलकर सड़क पर फैल जाता है। इससे पूरे इलाके में दुर्गंध और गंदगी का वातावरण बन जाता है। ग्रामीणों को संक्रमण और अन्य बीमारियों का खतरा भी सताने लगा है। लोगों का आरोप है कि समस्या की जानकारी पंचायत और संबंधित अधिकारियों को कई बार देने के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।इधर, नाली निर्माण की गुणवत्ता और स्थान को लेकर भी ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। कुछ लोगों का आरोप है कि जिस स्थान पर योजना के मुताबिक नाली बननी थी, वहां निर्माण नहीं कराया गया। वहीं, नाली का काम भी अधूरा छोड़ दिए जाने का आरोप है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की जांच कराने और योजना की राशि के उपयोग का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की है।ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल नाली की सफाई, अधूरे निर्माण को पूरा कराने तथा गोबर डालने पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *