दक्षिणबहाल डायवर्सन बना हादसे का सबब, रेलिंग टूटी तो पानी में समा गया टोटो

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 5 सितंबर जामताड़ा। जामताड़ा-देवघर मुख्य मार्ग पर दक्षिणबहाल जोरिया में बने डायवर्सन पुल की सुरक्षा और निर्माण गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। करीब 1 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से तैयार एप्रोच रोड और पुल की स्थिति पहली बारिश के बाद ही खराब होने लगी थी। अब पुल की रेलिंग टूटने से एक टोटो सवारियों समेत पानी में जा गिरा। संयोग से हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।शनिवार शाम दक्षिणबहाल की ओर से जामताड़ा आ रहा टोटो पुल से गुजर रहा था। इसी दौरान वाहन रेलिंग से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रेलिंग का हिस्सा टूटकर अलग हो गया और टोटो सवारियों सहित नीचे पानी में गिर पड़ा। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने प्रयास कर टोटो को पानी से बाहर निकाला।हादसे के बाद पुल की सुरक्षा व्यवस्था की बदहाली भी सामने आई। रेलिंग के कई पिलर क्षतिग्रस्त हैं और कुछ अपनी जगह से उखड़ चुके हैं। एक सुरक्षा पिलर पूरी तरह टूटकर नीचे की ओर लटक रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ ही महीने पहले तैयार हुए इस निर्माण की हालत देखकर इसकी गुणवत्ता का अंदाजा लगाया जा सकता है।इससे पहले तेज बारिश के दौरान एप्रोच रोड के नीचे से मिट्टी बह गई थी। इससे सड़क का एक हिस्सा अंदर से खोखला हो चुका है और कभी भी धंसने की आशंका बनी हुई है।ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे पुल और एप्रोच रोड की तत्काल तकनीकी जांच कराने की मांग की है। साथ ही निर्माण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई और जरूरी मरम्मत कराने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *