न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 7 सितंबर जामताड़ा। क्रेडिट कार्ड बंद होने और नया कार्ड जारी कराने का झांसा देकर लोगों से साइबर ठगी करने वाले एक आरोपी को जामताड़ा साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से चार मोबाइल फोन और पांच सिम कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरोह का नेटवर्क देश के अलग-अलग राज्यों में फैला हुआ है।पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। साइबर अपराध थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक राजेश मंडल के नेतृत्व में टीम गठित कर करमाटांड़ थाना क्षेत्र में छापेमारी की गई। पुलिस टीम ने सकलपुर से बरमुंडी जाने वाले रास्ते में भेलवाटांड़ स्थित पोखर के समीप ट्रांसफॉर्मर पोल के पास बांस के झुरमुट में दबिश दी। इस दौरान एक संदिग्ध को पकड़ लिया गया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान महताब अंसारी (27 वर्ष) के रूप में हुई है। वह बरमुंडी गांव का रहने वाला है। पुलिस ने उसके कब्जे से चार मोबाइल फोन और पांच सिम कार्ड जब्त किए हैं।पुलिस के अनुसार, आरोपी साइबर ठगी के लिए लोगों को फोन कर खुद को बैंक अथवा क्रेडिट कार्ड सेवा से जुड़ा कर्मचारी बताता था। बातचीत के दौरान ग्राहकों को बताया जाता था कि उनका स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का क्रेडिट कार्ड बंद होने वाला है या नया कार्ड लेने के लिए प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद विश्वास में लेकर मोबाइल में एक एपीके फाइल डाउनलोड कराई जाती थी। पुलिस का आरोप है कि इसी माध्यम से क्रेडिट कार्ड से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर ठगी की जाती थी।इस संबंध में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 55/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता, आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।छापेमारी दल में थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस निरीक्षक मनीष कुमार गुप्ता, पुलिस अवर निरीक्षक हीरालाल महतो तथा रिजर्व गार्ड के आरक्षी/हवलदार शामिल थे। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर साइबर ठगी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।
क्रेडिट कार्ड बंद होने का डर दिखाकर साइबर ठगी का खेल, जामताड़ा में एक आरोपी गिरफ्तार

