न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 13 सितंबर मिहिजाम। रविवार की शाम मिहिजाम थाना क्षेत्र के शहरडाल पंचायत अंतर्गत मोहली पाड़ा के समीप सड़क दुर्घटना में साइकिल सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल की पहचान कित्ताझोर निवासी करीब 49 वर्षीय पुती मुर्मू के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, पुती मुर्मू रविवार शाम साइकिल से मिहिजाम की ओर से अपने घर कित्ताझोर लौट रहे थे। इसी दौरान मोहली पाड़ा के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना मिहिजाम थाना पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल पुती मुर्मू को इलाज के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचाया।सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। बताया गया कि दुर्घटना में उनके सिर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। उनकी स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें धनबाद रेफर कर दिया।पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। फिलहाल टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही अज्ञात वाहन का पता लगाने में जुटी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और तेज रफ्तार वाहनों पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार गंभीर, धनबाद रेफर

