न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 13 सितंबर जामताड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भाजपा जामताड़ा जिला इकाई की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व मंत्री सह भाजपा प्रदेश प्रवक्ता रणधीर सिंह ने कार्यक्रमों की जानकारी दी।रणधीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार देशसेवा के प्रति समर्पित हैं। उनके जन्मदिन को केवल उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि सेवा और जनकल्याण से जोड़कर मनाने का निर्णय लिया गया है। अभियान की शुरुआत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत कार्यकर्ता बूथ स्तर पर मंदिरों में दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करेंगे।उन्होंने बताया कि मोदी सरकार की उपलब्धियों और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए विद्यालयों में प्रदर्शनी, रक्तदान शिविर, मरीजों के बीच फल वितरण, रंगोली प्रतियोगिता, आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के साथ कार्यक्रम समेत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम बूथ, जिला, प्रदेश और केंद्रीय स्तर पर आयोजित होंगे।भाजपा नेता तरुण गुप्ता ने बताया कि अभियान के लिए 14 प्रमुख कार्यक्रमों के संयोजक और सह-संयोजक नियुक्त किए गए हैं। इनमें आशीर्वाद का दीया, मेरे सपनों का भारत, जननी सेवा गाथा, आंगन का उत्सव, कहानी बदलाव की, विकसित भारत संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति यात्रा, जल-जन-सेवा संकल्प यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, रंगोली राष्ट्र, राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज, जनसेवक महाकुंभ और मोटरसाइकिल यात्रा शामिल हैं।प्रेस वार्ता में जामताड़ा नगर पंचायत चेयरपर्सन आशा गुप्ता, भाजपा जिला महामंत्री कमलेश मंडल, नगर मंत्री ब्रजेश राउत और सुकुमार मंडल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पीएम मोदी के जन्मदिन पर महीनेभर चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, भाजपा ने जारी किया कार्यक्रमों का खाका

