न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 10 अक्टूबर जामताड़ा। नवरात्र की भक्ति, संगीत और उत्साह के बीच जामताड़ा में रविवार को डांडिया महोत्सव की धूम मचने वाली है। शहर के गांधी मैदान में आयोजित होने वाले इस सांस्कृतिक कार्यक्रम को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। रंग-बिरंगे परिधान, पारंपरिक नृत्य और संगीत की मधुर धुनों के बीच पूरा माहौल उत्सवमय होने की उम्मीद है।महोत्सव में बिहार की लोकप्रिय कलाकार शिल्पी राघवानी अपनी प्रस्तुति से समां बांधेंगी। वहीं, सूरत से पहुंचने वाली विशेष डांडिया टीम कार्यक्रम में आकर्षण का एक प्रमुख केंद्र होगी। कलाकारों की प्रस्तुतियों के साथ प्रतिभागियों को पारंपरिक डांडिया नृत्य का आनंद लेने का अवसर मिलेगा।कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शनिवार को स्थानीय महिलाओं ने गांधी मैदान में फाइनल रिहर्सल किया। इस दौरान नृत्य की गति, तालमेल और सामूहिक प्रस्तुति का अभ्यास किया गया। अभ्यास में महिलाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। अंतिम पूर्वाभ्यास के साथ प्रतिभागियों ने अपनी तैयारियों को लगभग पूरा कर लिया।आयोजन की व्यवस्था का जायजा समिति की अध्यक्ष आशा गुप्ता, संयोजक तरुण कुमार गुप्ता और कार्यक्रम प्रभारी डॉ. चंचल भंडारी ने लिया। सभी ने आयोजन से जुड़ी तैयारियों को अंतिम रूप देने पर जोर दिया, ताकि कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों को बेहतर अनुभव मिल सके।संयोजक तरुण कुमार गुप्ता ने जामताड़ा के लोगों से परिवार सहित महोत्सव में पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाने और आपसी सद्भाव को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।कार्यक्रम प्रभारी डॉ. चंचल भंडारी ने कहा कि महोत्सव का उद्देश्य नवरात्र की खुशियों को साझा करने के साथ पारंपरिक संस्कृति को बढ़ावा देना है।अब शहरवासियों को रविवार की उस रंगीन शाम का इंतजार है, जब गांधी मैदान में डांडिया की खनक, संगीत की लय और कलाकारों की प्रस्तुतियां उत्सव का माहौल बनाएंगी।
गांधी मैदान में सजेगी डांडिया की रंगीन शाम, शिल्पी राघवानी के सुरों पर थिरकेगा जामताड़ा
