जामताड़ा में साइबर ठगी के नेटवर्क पर पुलिस का प्रहार, चार आरोपी गिरफ्तार

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 16 अक्टूबर जामताड़ा। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करमाटांड़ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने कथित तौर पर साइबर ठगी में संलिप्त चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 11 मोबाइल फोन, 12 सिम कार्ड और एक टैबलेट बरामद किया गया है। पुलिस अब जब्त उपकरणों और सिम कार्ड के जरिए ठगी से जुड़े नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है।पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के बाद साइबर डीएसपी अमित रविदास के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने पिंडारी रेलवे फाटक के आगे रेलवे की जमीन पर स्थित एक क्षतिग्रस्त मकान में दबिश दी। पुलिस के मुताबिक, मौके पर चारों युवक साइबर ठगी की गतिविधियों में शामिल पाए गए, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सीताकाटा गांव निवासी सुनीत कुमार दास (25), कपिल दास (30) और सीतेश्वर दास (29) के रूप में हुई है। वहीं, काशीटांड़ गांव निवासी तनवीर अंसारी (20) भी पुलिस के हत्थे चढ़ा है। सभी आरोपी करमाटांड़ थाना क्षेत्र के निवासी हैं।इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 68/26 के तहत 15 अक्टूबर 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023, आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट, 2023 की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है।पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी बैंक केवाईसी अपडेट, ई-चालान, शादी के कार्ड, निमंत्रण पत्र, बिजली बिल, गैस पाइपलाइन और पानी का कनेक्शन उपलब्ध कराने के बहाने लोगों को निशाना बनाते थे। खुद को बैंक या संबंधित कंपनी का अधिकारी बताकर एपीके फाइल भेजते थे। इसके अलावा व्हाट्सएप स्क्रीन शेयरिंग के जरिए भी लोगों के साथ धोखाधड़ी की जाती थी। ठगी की रकम विभिन्न राज्यों में संचालित फर्जी बैंक खातों के माध्यम से निकाली जाती थी।छापेमारी दल में साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस निरीक्षक पुष्पेश्वर दास, पुलिस निरीक्षक कृष्णा कुमार, अवर निरीक्षक हीरालाल महतो सहित रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की गतिविधियों का दायरा कई राज्यों तक फैला हुआ था। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *