कुंडहित में पलाश के पेड़ से लटका मिला अधेड़ का शव, पुलिस जांच में जुटी

न्यूज 61 लाइव संवाददाता 16 अक्टूबर कुंडहित (जामताड़ा)। कुंडहित थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर उस समय इलाके में हलचल मच गई, जब पुरातन बैंक मोड़ के पास एक दुकान के पीछे पलाश के पेड़ से लटका हुआ एक अधेड़ व्यक्ति का शव बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान सुद्राक्षीपुर पंचायत के जोकपहाड़ी गांव निवासी निवारण मुर्मू के रूप में हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर कुंडहित पुरातन बैंक मोड़ के समीप मुन्ना सिंह की दुकान के पीछे स्थित एक पलाश के पेड़ पर करीब 50 वर्षीय व्यक्ति का शव रस्सी के सहारे लटका हुआ देखा गया। घटनास्थल कुंडहित-राजनगर मुख्य सड़क से लगभग 100 मीटर की दूरी पर स्थित है। पेड़ पर शव लटका देख स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना कुंडहित थाना पुलिस को दी।सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी प्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को नीचे उतरवाया और अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद मृतक की पहचान की प्रक्रिया पूरी की गई।प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आशंका जताई जा रही है कि मृतक शुक्रवार को कुंडहित हाट आया था। बताया जा रहा है कि उसने एक दुकान से नायलॉन की रस्सी खरीदी थी। इसके बाद करीब डेढ़ बजे के आसपास उसने पलाश के पेड़ से रस्सी के सहारे फांसी लगा ली। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटना के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मृतक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *