न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 26 अक्टूबर बाराबनी। पश्चिम बर्दवान जिले के बाराबनी ब्लॉक अंतर्गत इटापाड़ा गांव में लक्ष्मी पूजा के अवसर पर सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देने की अनूठी पहल की गई। श्री श्री लक्ष्मी पूजा कमेटी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने रक्तदान और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से पदयात्रा निकाली। इस पहल के माध्यम से त्योहार को मानवसेवा और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने का संदेश दिया गया।इटापाड़ा स्थित लक्ष्मी मंदिर परिसर से शुरू हुई रैली गांव के विभिन्न इलाकों से होकर गुजरी। इसमें शामिल लोगों ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर रक्तदान के महत्व और पर्यावरण बचाने की आवश्यकता पर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। आयोजकों के अनुसार, गांव में इस तरह की जागरूकता पदयात्रा पहली बार आयोजित की गई, जिससे स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।इस अभियान को बाराबनी वॉलंटरी ब्लड डोनर सोसायटी और इटापाड़ा अग्निबीणा सेवा समिति का सहयोग मिला। पश्चिम बंगाल वॉलंटरी ब्लड डोनर सोसायटी के आह्वान पर ‘उत्सव का अर्घ्य हो रक्तदान’ संदेश के साथ निकाली गई इस पदयात्रा का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता बढ़ाने के प्रति लोगों को प्रेरित करना था।पूजा कमेटी के सदस्य तिलक साधु ने बताया कि जागरूकता अभियान की अगली कड़ी के रूप में मंगलवार को शाम चार बजे गांव में रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। इसके लिए अब तक 50 से 60 लोगों ने रक्तदान करने की सहमति दी है। आयोजकों को उम्मीद है कि शिविर में भाग लेने वालों की संख्या और बढ़ेगी।पश्चिम बर्दवान जिला वॉलंटरी ब्लड डोनर सोसायटी के सचिव सुजन चक्रवर्ती ने रक्त की कमी पर चिंता जताते हुए कहा कि शहरी क्षेत्रों के साथ दूरदराज के गांवों में भी रक्तदान शिविर आयोजित करना जरूरी है।वहीं, विधायक के प्रतिनिधि सनत मंडल ने ग्रामीणों की पहल की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि त्योहारों की खुशियां रक्तदान जैसे पुनीत कार्य से और सार्थक बनाई जा सकती हैं।
लक्ष्मी पूजा पर इटापाड़ा में समाजसेवा की मिसाल, रक्तदान और पर्यावरण संरक्षण के लिए ग्रामीणों ने निकाली जागरूकता रैली
