सीतारामपुर में अनियंत्रित कार तालाब में गिरी, पांच युवक घायल; बिजली के खंभे से टकराने के बाद हुआ हादसा

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 26 अक्टूबर सीतारामपुर। पश्चिम बंगाल के सीतारामपुर में रविवार सुबह एक तेज रफ्तार चारपहिया वाहन अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरा। हादसे में कार सवार पांच युवक घायल हो गए। गनीमत रही कि सभी की जान बच गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की तत्परता से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना कुल्टी थाना क्षेत्र के नियामतपुर फांड़ी अंतर्गत मेलाकला मोड़ से सीतारामपुर जाने वाली सड़क पर हुई। बताया जाता है कि सुबह एक चारपहिया वाहन तेज गति से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू कार पहले सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खंभा झुक गया। इसके बाद वाहन सड़क से फिसलकर पास के तालाब में जा गिरा।हादसे के वक्त कार में पांच युवक सवार थे। इनमें से एक की पहचान लच्छीपुर खटाल निवासी प्रेम साव के रूप में हुई है। अन्य चार युवकों की पहचान की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए बचाव कार्य शुरू किया और कार में फंसे युवकों को निकालकर अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की।सूचना मिलने पर नियामतपुर फांड़ी की पुलिस भी मौके पर पहुंची। बाद में क्रेन की मदद से तालाब में डूबी कार को बाहर निकाला गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, वाहन में किसी प्रकार की तकनीकी खराबी थी या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। घायल युवकों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।इस घटना ने एक बार फिर तेज गति से वाहन चलाने के खतरों को उजागर किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *