सरदार पटेल की जयंती पर देशभक्ति के रंग में रंगा चित्तरंजन, RPSF जवानों ने लगाई एकता की दौड़

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 31 अक्टूबर चित्तरंजन। देश की एकता और अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर चित्तरंजन में उत्साह और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर रेलवे सुरक्षा विशेष बल (RPSF) की 8वीं वाहिनी की ओर से विशेष ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में वाहिनी के अधिकारियों और जवानों ने पूरे जोश एवं उत्साह के साथ भाग लेकर राष्ट्रीय एकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की।कार्यक्रम का नेतृत्व सहायक समादेष्टा अजय कुमार ने किया। आयोजन की शुरुआत राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लेकर हुई। इस दौरान अजय कुमार ने उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों को देश की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई।अपने संबोधन में उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल के ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए कहा कि देश को एक सूत्र में बांधने में उनकी भूमिका अविस्मरणीय रही है। उनका जीवन प्रत्येक भारतीय को राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने, आपसी सद्भाव बनाए रखने और कर्तव्यनिष्ठा के साथ देश की सेवा करने की सीख देता है।इसके बाद सहायक समादेष्टा ने हरी झंडी दिखाकर ‘रन फॉर यूनिटी’ को रवाना किया। तिरंगा लेकर दौड़ते जवानों ने देशभक्ति के नारों के साथ निर्धारित मार्ग पूरा किया। जवानों का उत्साह और अनुशासन कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। इस आयोजन के माध्यम से आम लोगों के बीच भी राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता का सकारात्मक संदेश पहुंचा।कार्यक्रम के समापन पर वाहिनी के अधिकारियों ने आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। साथ ही भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के जरिए देशभक्ति, एकजुटता और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *