न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 6 नवंबर जामताड़ा। जिले के कुंडहित थाना क्षेत्र के अंबा पंचायत अंतर्गत गड़शिमला स्थित प्राचीन काली मंदिर में चोरी की एक बड़ी वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है। अज्ञात चोर मंदिर परिसर से एक-दो नहीं, बल्कि करीब 90 पीतल के घंटे चोरी कर ले गए। चोरी हुए घंटों का कुल वजन लगभग ढाई क्विंटल यानी 250 किलोग्राम बताया जा रहा है। मंदिर में इतनी बड़ी चोरी की खबर फैलते ही आसपास के गांवों में हलचल मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण व श्रद्धालु मंदिर परिसर पहुंचने लगे।स्थानीय पुजारियों के मुताबिक, गड़शिमला काली मंदिर में हजारों वर्षों से पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान की परंपरा चली आ रही है। मंदिर की मान्यता और आस्था से जुड़े इस स्थान पर अब तक कभी चोरी की छोटी-मोटी घटना भी सामने नहीं आई थी। यही वजह है कि एक साथ इतनी बड़ी संख्या में पीतल के घंटे गायब होने की घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया है।श्रद्धालुओं का कहना है कि मंदिर केवल पूजा-अर्चना का स्थान नहीं, बल्कि क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। ऐसे पवित्र स्थल को निशाना बनाकर चोरों ने लोगों की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाई है। घटना को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों के बीच यह भी चर्चा है कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में घंटों को मंदिर से कैसे निकाल लिया गया और किसी को इसकी भनक तक क्यों नहीं लगी।फिलहाल ग्रामीणों की निगाहें पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं। लोगों को उम्मीद है कि मामले की गंभीरता से जांच होगी, चोरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा तथा मंदिर से गायब पीतल के घंटों की बरामदगी सुनिश्चित की जाएगी।
प्राचीन गड़शिमला काली मंदिर में चोरी से मचा हड़कंप, 90 पीतल के घंटे उड़ा ले गए चोर
