न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 21 सितंबर जमुड़िया। पश्चिम बर्धमान जिले के जमुड़िया थाना क्षेत्र के बेनाली गांव में रविवार सुबह तालाब से एक व्यक्ति का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मधु हेमरम के रूप में हुई है। वह बेनाली गांव के टुइला पाड़ा के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बीते 18 सितंबर को मनसा पूजा के अवसर पर मधु हेमरम कमल का फूल लाने के लिए घर से निकले थे। इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। परिवार के सदस्यों ने अपने स्तर पर कई स्थानों पर उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।रविवार की सुबह गांव के कोलियरी क्षेत्र के समीप स्थित एक तालाब में स्थानीय लोगों ने पानी की सतह पर शव तैरता हुआ देखा। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।जानकारी मिलते ही जमुड़िया थाना अंतर्गत श्रीपुर फांड़ी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की सहायता से शव को तालाब से बाहर निकाला गया। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया गया।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मधु हेमरम तालाब तक किन परिस्थितियों में पहुंचे और उनकी मौत कैसे हुई। क्या यह किसी दुर्घटना का परिणाम है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।घटना को लेकर गांव में शोक और चिंता का माहौल है। पुलिस ने मामले के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
मनसा पूजा के लिए कमल फूल लाने निकले व्यक्ति का तीन दिन बाद तालाब में मिला शव, जमुड़िया में मचा हड़कंप

