न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 6 अक्टूबर जामताड़ा। जिला परिषद कार्यालय के सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में जिले के विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर मंथन हुआ। बैठक में 16वें वित्त आयोग के तहत प्रस्तावित योजनाओं की स्वीकृति, पूर्व बैठक के निर्णयों की समीक्षा तथा विकास कार्यों को गति देने पर चर्चा की गई। लेकिन इन सबके बीच जिला योजना पदाधिकारी चन्द्रदेव पासवान का इतने महत्वपूर्ण बैठक के दौरान बेसुध होकर कुर्सी पर निढाल होकर सोते हुए दिखाई देना चर्चा का प्रमुख विषय बन गया।बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष दीपिका बेसरा, उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी असीम किस्पोट्टा, जिला परिषद उपाध्यक्ष, सदस्य, विभिन्न प्रखंडों के प्रमुख और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे। ऐसे में जिला योजना पदाधिकारी की कथित रूप से लंबे समय तक आंखें बंद कर कुर्सी पर बैठे रहने की गतिविधि ने बैठक में मौजूद लोगों का ध्यान खींचा।बैठक का एजेंडा जिले के विकास और वित्तीय संसाधनों के उपयोग से सीधे जुड़ा था। 16वें वित्त आयोग की योजनाओं की स्वीकृति के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरी विकास कार्यों को प्राथमिकता देने और योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने पर चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों ने भी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की आवश्यकता जताई।इसी बीच जिला योजना पदाधिकारी के सोते दिखाई देने की तस्वीर ने प्रशासनिक कार्यशैली को लेकर सवाल खड़े कर दिए। बैठक में मौजूद लोगों के अनुसार, वे काफी देर तक इसी स्थिति में नजर आए। हालांकि, इस दौरान उनकी ओर से इस संबंध में कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।बैठक में अध्यक्ष दीपिका बेसरा ने विकास योजनाओं को प्राथमिकता के साथ धरातल पर उतारने पर जोर दिया। वहीं डीडीसी असीम किस्पोट्टा ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर तालमेल के साथ योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की बात कही। ऐसे में महत्वपूर्ण बैठक के दौरान एक जिम्मेदार अधिकारी का सोते दिखाई देना अब प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है।
16वें वित्त आयोग की अहम बैठक में सोते दिखे जिला योजना पदाधिकारी, तस्वीर ने उठाए गंभीर सवाल
