न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 29 जून 2026 जामताड़ा। समाज सेवा और मानवीय संवेदनाओं का प्रेरणादायी उदाहरण पेश करते हुए सोमवार को सदर अस्पताल, जामताड़ा में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) जामताड़ा सदर एवं ‘पलाश’ ब्रांड के संयुक्त तत्वावधान में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। ग्रामीण विकास विभाग, झारखंड सरकार की इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराना तथा लोगों में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।सुबह 10 बजे शुरू हुए शिविर में प्रशासनिक अधिकारियों, जेएसएलपीएस कर्मियों, स्वयं सहायता समूहों की दीदियों तथा स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रक्तदान शिविर पूरे दिन व्यवस्थित ढंग से संचालित होता रहा, जहां स्वास्थ्य विभाग की टीम की देखरेख में सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया गया।शिविर में जेएसएलपीएस के जिला कार्यक्रम प्रबंधक राहुल रंजन, जिला प्रबंधक (एसएमआईबी) उत्तम कुमार, जामताड़ा सदर के प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक शफीक अंसारी तथा सामुदायिक समन्वयक इकबाल अहमद ने स्वयं रक्तदान कर समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। अधिकारियों की इस पहल से प्रेरित होकर स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी दस से अधिक महिलाओं ने भी स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा में अपनी भागीदारी निभाई।शिविर के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि रक्तदान एक ऐसा दान है, जिससे किसी गंभीर मरीज को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि स्वस्थ व्यक्ति समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान करें, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में किसी मरीज को रक्त के अभाव का सामना न करना पड़े।चिकित्सकों ने बताया कि वैज्ञानिक दृष्टि से रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है। इससे शरीर में नई रक्त कोशिकाओं का निर्माण होता है, रक्त संचार बेहतर होता है तथा नियमित अंतराल पर रक्तदान करने से स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। शिविर में संक्रमण से बचाव के लिए पूरी तरह स्टेराइल डिस्पोजेबल किट का उपयोग किया गया और सभी स्वास्थ्य मानकों का पालन सुनिश्चित किया गया।समाचार लिखे जाने तक रक्तदान का सिलसिला लगातार जारी था। जेएसएलपीएस की टीम ने युवाओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से आगे आकर इस जनहित अभियान से जुड़ने की अपील की। पूरे कार्यक्रम के दौरान सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। रक्तदान शिविर ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि “एक यूनिट रक्त किसी की जिंदगी बचा सकता है और यही सबसे बड़ा मानव धर्म है।”
रक्त की हर बूंद बनी जीवन की उम्मीद, जेएसएलपीएस के रक्तदान शिविर में अधिकारियों और दीदियों ने दिखाई सामाजिक जिम्मेदारी
