न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 7 नवंबर जामताड़ा। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए जामताड़ा पुलिस ने महेशमुंडा चेकपोस्ट पर बड़ी सफलता हासिल की है। वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक स्कॉर्पियो से 37 पेटी में रखी 434 बोतल विदेशी शराब बरामद की। मौके से तीन कथित तस्करों को गिरफ्तार किया गया। तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो और एक बाइक के अलावा पांच मोबाइल फोन तथा 26,100 रुपये नकद भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिए हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 7 नवंबर को एसपी को शराब तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद विशेष टीम गठित कर महेशमुंडा चेकपोस्ट पर वाहनों की जांच शुरू की गई। इसी क्रम में बंगाल की ओर से आ रही स्कॉर्पियो (WB40AR-1027) को रोककर तलाशी ली गई। वाहन के अंदर अलग-अलग ब्रांड की 750 एमएल वाली 434 बोतल शराब मिली। जब्त शराब में इम्पीरियल ब्लू की 240, आइकॉनिक व्हाइट की 92, ब्लेंडर प्राइड की 36, ऑफिसर्स चॉइस की 42 और अन्य ब्रांड की 24 बोतलें शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान बाइक (WB38BD-4931) भी जब्त की गई। पुलिस को दो अतिरिक्त नंबर प्लेट भी मिले, जिन पर एक ही नंबर JH15AC-4759 दर्ज था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र निवासी अमित कुमार (29) और चंदन कुमार (38) तथा देवघर जिले के बागदाहा निवासी दयामय मंडल के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, अमित और चंदन स्कॉर्पियो में सवार थे, जबकि दयामय बाइक से उनके साथ चल रहा था। तलाशी में पांच मोबाइल और नकदी भी मिली। इनमें चंदन से 2,100 रुपये, अमित से 4,100 रुपये और दयामय से 20 हजार रुपये बरामद हुए। मोबाइल में वनप्लस, वीवो और एप्पल कंपनी के फोन शामिल हैं। पूरे अभियान का नेतृत्व नाला थाना प्रभारी विकास यादव ने किया। पुलिस टीम में एसआई निताय कुमार दास, बलराम दुबे समेत अन्य पुलिसकर्मी और चौकीदार अक्षय मांझी शामिल थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बंगाल से लाई जा रही शराब की खेप कहां पहुंचाई जानी थी और इस कारोबार के पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं। जब्त वाहनों और दो समान नंबर वाली प्लेटों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।
बंगाल से स्कॉर्पियो में हो रही थी शराब की तस्करी, पुलिस ने दो वाहन, पांच मोबाइल और 26,100 रुपये नकद किए जब्त
