न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 21 अगस्त सलानपुर। पश्चिम बंगाल-झारखंड सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सलानपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब एक करोड़ रुपये मूल्य की ब्राउन शुगर बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में दो कथित तस्करों को गिरफ्तार करने के साथ तस्करी में इस्तेमाल पिकअप वैन भी जब्त की है। कार्रवाई धांगुड़ी-काशीडांगा इलाके में की गई।पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सलानपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मादक पदार्थों की एक खेप झारखंड की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी विश्वजीत मंडल और रूपनारायणपुर फाड़ी प्रभारी सुमंगल सरकार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सुबह से ही सीमा से जुड़े मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी।इसी दौरान धांगुड़ी मोड़ के पास झारखंड की ओर जा रही एक संदिग्ध पिकअप वैन को पुलिस ने रोककर तलाशी ली। वाहन के अंदर सामान को सिगरेट के कार्टन से ढककर रखा गया था। पुलिस ने जब कार्टन हटाकर जांच की तो उसके नीचे से करीब 50 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब एक करोड़ रुपये है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झारखंड के चिरकुंडा थाना क्षेत्र निवासी अमित पासवान और आसनसोल के हीरापुर थाना अंतर्गत आजादनगर निवासी नाजिमुद्दीन खान के रूप में हुई है।प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली है कि कथित तौर पर ब्राउन शुगर की यह खेप मालदा से झारखंड ले जाने की योजना थी। दोनों आरोपियों को आसनसोल अदालत में पेश कर जांचकर्ताओं ने 14 दिनों की पुलिस हिरासत की मांग की है।पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थ की आपूर्ति से जुड़े अन्य लोगों और कथित मुख्य संचालकों तक पहुंचने के लिए विभिन्न स्थानों पर जांच और निगरानी तेज कर दी गई है।
सलानपुर में नशे के कारोबार पर पुलिस की बड़ी चोट, एक करोड़ की ब्राउन शुगर जब्त

