चिरेका के शॉप-26 में बारिश का ‘रिसाव’ बना बड़ा सवाल, छत टपकी तो व्यवस्था पर बरसे शंकर तिवारी

कर्मियों के वीडियो से सामने आया जलजमाव का मामला, भाजपा नेता ने जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की उठाई मांग

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 7 अक्टूबर चित्तरंजन। बुधवार शाम हुई बारिश के बाद चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्क्स (चिरेका) के शॉप नंबर 26 की स्थिति ने कार्यशाला की रखरखाव व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए। बारिश के दौरान शॉप की छत से पानी रिसने लगा और परिसर के कई हिस्सों में जलजमाव हो गया। शॉप में काम कर रहे कर्मचारियों ने इस स्थिति का वीडियो बनाकर भाजपा के वरिष्ठ नेता शंकर तिवारी को भेजा, जिसके बाद मामला चर्चा में आया।वीडियो देखने के बाद तिवारी ने कहा कि चिरेका जैसे महत्वपूर्ण रेलवे प्रतिष्ठान के कार्यस्थल में बारिश का पानी इस तरह प्रवेश करना गंभीर विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि रखरखाव और निर्माण कार्यों में कथित अनियमितताओं का खामियाजा कर्मचारियों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा जांच में जिम्मेदारी सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।तिवारी ने चिरेका की प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कुछ अधिकारियों पर कथित लापरवाही और अनियमितताओं को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में काम करने की सुविधा मिलनी चाहिए। उनके अनुसार, कार्यशाला की बुनियादी संरचना में खामियां सामने आना गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि चिरेका जैसी संस्था में टीएमसी माइंडेड अधिकारी बैठे हुए है। जिसके देखरेख में यह सब लूट खसोट का धंधा हुआ है। जब से हमारा भारतीय जनता पार्टी का सरकार बंगाल में बना हमलोग इसपर नजर बनाए हुए है कि जहां जहां भ्रष्टाचार हो रहा है उसपर अंकुश लगाया जाए और अविलंब भ्रष्टाचार को बंद किया जाए। भारतीय जनता पार्टी विकास की राजनीति करती है न कि भ्रष्टाचार की। इसलिए इसकी जांच कर जो भी दोषी हो उसपर कार्रवाई होनी चाहिए।मामले पर चिरेका प्रबंधन का पक्ष जानने के लिए महाप्रबंधक सचिव से फोन पर संपर्क किया गया। हालांकि, मामले को लेकर कोई विस्तृत प्रतिक्रिया नहीं मिली और संबंधित अन्य अधिकारियों से जानकारी लेने की बात कही गई। वहीं, चिरेका के सीपीआरओ से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन व्यस्त मिला।बारिश के दौरान सामने आई यह तस्वीर अब यह सवाल छोड़ गई है कि शॉप नंबर 26 की छत और जल निकासी व्यवस्था की स्थिति की जिम्मेदारी किसकी है और समस्या के स्थायी समाधान के लिए रेलवे प्रशासन क्या कदम उठाता है। फिलहाल प्रबंधन की ओर से इस मामले में आधिकारिक विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *