न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 16 अगस्त जामताड़ा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नारायणपुर प्रखंड के लोधरीया फुटबॉल मैदान में खेल और देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। लोधरीया जूनियर स्पोर्ट्स क्लब फुटबॉल टूर्नामेंट कमिटी की ओर से आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता में क्षेत्र की छह टीमों ने हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में खेलप्रेमियों में भी खासा उत्साह नजर आया।प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में भाजपा के वरिष्ठ नेता वीरेंद्र मंडल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया तथा विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को सम्मानित किया। फाइनल मुकाबले में प्लेयर ऑफ दिलीप की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि लक्ष्मीपुर की टीम को उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा।इस अवसर पर वीरेंद्र मंडल ने कहा कि गांव और छोटे कस्बों में आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताएं स्थानीय युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देती हैं। ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होने के साथ उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा भी मिलती है। उन्होंने युवाओं से खेल के प्रति समर्पित होकर मेहनत करने और जामताड़ा जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया।उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को खेलों से जोड़ना और उभरती प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना बेहद महत्वपूर्ण है।मौके पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सोमनाथ सिंह, युवा मोर्चा नेता राजेश यादव, आयोजन समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य, खिलाड़ी तथा बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित इस प्रतियोगिता ने ग्रामीण क्षेत्र में खेल के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।
लोधरीया फुटबॉल टूर्नामेंट में वीरेंद्र मंडल ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला, ग्रामीण प्रतिभाओं को मिला सम्मान

