न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 8 मई 2026 जामताड़ा। जामताड़ा समाहरणालय परिसर गुरुवार को राजनीतिक नारों और विरोध प्रदर्शनों से गूंज उठा, जब झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला कमेटी ने बढ़ती महंगाई और कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में लगातार हो रही वृद्धि के खिलाफ एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू ने किया। प्रदर्शन में जिलेभर से पहुंचे सैकड़ों कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने हिस्सा लेकर केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की।धरना को संबोधित करते हुए नरेंद्र मुर्मू ने कहा कि आज आम जनता रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल और खाद्य सामग्री की बढ़ती कीमतों से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि गरीब, मजदूर और मध्यम वर्ग के लोगों का घर चलाना मुश्किल होता जा रहा है, लेकिन सरकार जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील नहीं दिख रही। उन्होंने स्पष्ट कहा कि झामुमो जनता के हितों के लिए लगातार संघर्ष करता रहेगा।अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष सगीर खान ने कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से छोटे व्यापारियों, होटल संचालकों और रेस्तरां व्यवसाय से जुड़े लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई का असर अब हर घर और हर व्यवसाय पर दिखाई दे रहा है। सरकार को जल्द राहत देने वाले कदम उठाने चाहिए।मिहिजाम नगर सचिव महेंद्र टुडू ने अपने संबोधन में कहा कि लगातार बढ़ती कीमतों ने आम आदमी का मासिक बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। उन्होंने कहा कि आम परिवारों को अब दैनिक जरूरतों को पूरा करने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से गैस मूल्य वृद्धि तत्काल वापस लेने की मांग की।वहीं मिहिजाम नगर अध्यक्ष सलिल रमन ने कहा कि देश में बढ़ती बेरोजगारी और महंगाई ने युवाओं और मध्यम वर्ग को सबसे ज्यादा प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है और सरकार को जनभावनाओं को समझना होगा।धरना में मौजूद गुरु हड़ाम रेणु मुर्मू ने कहा कि आदिवासी और ग्रामीण समाज पहले से ही आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहा है। ऐसे समय में आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी लोगों के जीवन को और कठिन बना रही है। उन्होंने सरकार से गरीबों और किसानों के हित में ठोस कदम उठाने की अपील की।कार्यक्रम में महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मेरी मरांडी, डॉली बास्की, माखोनी हेंब्रम, सुलेखा रॉय, गुलशन आरा, सदानंद मुर्मू, रॉबिन सोरेन, लखन किस्कू, नेहरू सोरेन, जैनुल अंसारी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
महंगाई के खिलाफ जामताड़ा में झामुमो की हुंकार: गैस मूल्य वृद्धि पर केंद्र सरकार को घेरा
