न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 29 जून 2026 जामताड़ा। मिहिजाम थाना क्षेत्र के चंद्रदीपा पंचायत अंतर्गत निलदहा गांव में सोमवार को मांझी हड़ाम अनिल किस्कू की अध्यक्षता में आयोजित ग्राम सभा में ग्रामीण विकास, जनकल्याण और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर व्यापक चर्चा हुई। बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष, युवा, युवतियां एवं बुजुर्गों ने भाग लेकर गांव की विभिन्न समस्याओं को खुलकर रखा और उनके समाधान की मांग की।ग्राम सभा की शुरुआत गांव के विकास और सामुदायिक एकजुटता के संकल्प के साथ हुई। बैठक को संबोधित करते हुए मांझी हड़ाम अनिल किस्कू ने कहा कि ग्राम सभा केवल औपचारिक बैठक नहीं, बल्कि गांव की समस्याओं के समाधान का सबसे प्रभावी मंच है। उन्होंने कहा कि यदि ग्रामीण अपनी समस्याओं और सुझावों को एकजुट होकर रखें, तो विकास कार्यों को गति देना आसान हो जाता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि गांव के किसी भी पात्र परिवार को सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।बैठक के दौरान ग्रामीणों ने आधार कार्ड में मोबाइल नंबर लिंक कराने में हो रही परेशानी, राशन कार्ड से संबंधित त्रुटियां, जॉब कार्ड बनाने एवं अपडेट कराने, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने तथा गांव की जर्जर सड़कों की मरम्मत जैसे कई अहम मुद्दे उठाए। ग्रामीणों ने कहा कि सरकारी कार्यालयों के लगातार चक्कर लगाने से समय और धन दोनों की बर्बादी होती है, इसलिए गांव में ही समय-समय पर सहायता शिविर लगाए जाने चाहिए।ग्रामीणों की मांग पर मांझी हड़ाम अनिल किस्कू ने आश्वासन दिया कि प्रत्येक माह गांव में सहायता केंद्र या विशेष शिविर आयोजित कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि लोगों को सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही मिल सके।कार्यक्रम को सफल बनाने में ओंकार सेवा संस्थान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संस्थान की ओर से सुचित्रा भगत, सपन राय, गौरव कुमार सिंह, शांति किस्कू एवं सोनाली बावरी ने ग्रामीणों का मार्गदर्शन किया और योजनाओं से संबंधित जानकारी साझा की। उन्होंने लोगों से सरकारी योजनाओं का सही लाभ उठाने तथा आवश्यक दस्तावेज समय पर तैयार रखने की अपील भी की।ग्राम सभा का समापन गांव के सर्वांगीण विकास, पारदर्शी व्यवस्था, जनभागीदारी को मजबूत बनाने और प्रत्येक जरूरतमंद तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। बैठक में मौजूद ग्रामीणों ने ऐसी ग्राम सभाओं के नियमित आयोजन पर भी जोर दिया।
निलदहा ग्राम सभा में उठीं जनसुविधाओं की आवाज, सरकारी योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचाने पर जोर
