रामपुर चेकपोस्ट कथित अवैध वसूली प्रकरण में नया मोड़, दो निलंबित एमवीआई दोबारा अदालत में पेश; जांच तेज

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 28 जुलाई आसनसोल। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 स्थित कुल्टी के रामपुर चेकपोस्ट पर ट्रकों से कथित अवैध वसूली के मामले में गिरफ्तार दो मोटर व्हीकल इंस्पेक्टरों को एक बार फिर आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया। दोनों अधिकारियों की दो दिनों की पुलिस हिरासत समाप्त होने के बाद जांच एजेंसी ने उन्हें अदालत के समक्ष प्रस्तुत किया। मामले को लेकर परिवहन विभाग और पुलिस की कार्रवाई लगातार चर्चा में बनी हुई है।जानकारी के अनुसार, आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (डीडी) ने रामपुर चेकपोस्ट पर ट्रक चालकों से कथित तौर पर “डंडा टैक्स” के नाम पर अवैध वसूली किए जाने की शिकायतों की जांच के दौरान कार्रवाई करते हुए मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर अरिंदम बंद्योपाध्याय और नाजिमुल हक को गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसी का आरोप है कि चेकपोस्ट पर वाहनों से नियमों के विपरीत धन वसूला जा रहा था।इससे पहले रविवार को दोनों आरोपियों को वर्चुअल माध्यम से अदालत में पेश किया गया था। अदालत ने प्रारंभिक सुनवाई के बाद दोनों को दो दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया था, ताकि जांच अधिकारी उनसे पूछताछ कर मामले से जुड़े तथ्यों का पता लगा सकें। हिरासत की अवधि पूरी होने के बाद उन्हें पुनः अदालत में पेश किया गया।इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए पश्चिम बंगाल परिवहन विभाग ने दोनों मोटर व्हीकल इंस्पेक्टरों को पहले ही निलंबित कर दिया है। विभागीय स्तर पर भी पूरे प्रकरण की समीक्षा की जा रही है। दूसरी ओर, पुलिस जांच इस बात पर केंद्रित है कि कथित अवैध वसूली का नेटवर्क कितना व्यापक था और इसमें अन्य लोगों की भी भूमिका रही या नहीं।जांच अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *