न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 19 अगस्त आसनसोल। आसनसोल दक्षिण थाना क्षेत्र के कालीपहाड़ी कैंटीन के समीप बुधवार को 70 वर्षीय वृद्धा की असामान्य परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से इलाके में हलचल मच गई। मृतका की पहचान वैशाखी मंडल के रूप में हुई है। उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।घटना की सूचना मिलने के बाद आसनसोल दक्षिण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल के मुर्दाघर भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।इधर, मृतका के परिजनों की ओर से गंभीर आशंका जताई गई है। परिवार के एक रिश्तेदार के अनुसार, कुछ समय पहले वैशाखी मंडल के एक बेटे और उनके भाई के बीच जमीन अथवा पारिवारिक मामले को लेकर विवाद हुआ था। परिजनों का आरोप है कि बेटे की ओर से कथित दबाव और प्रताड़ना के कारण वृद्धा की स्थिति बिगड़ी हो सकती है। हालांकि पुलिस ने साफ किया है कि इन आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।परिवार के मुताबिक वैशाखी मंडल के पति सरकारी कर्मचारी थे। उनके निधन के बाद मिलने वाली पेंशन से ही वृद्धा का जीवन-यापन चल रहा था।पुलिस सूत्रों के अनुसार, फिलहाल थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसी ध्रुव दास ने बताया कि 70 वर्षीय महिला की मौत की सूचना मिली है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि शिकायत नहीं मिलने के बावजूद पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी।
कालीपहाड़ी में 70 वर्षीय वृद्धा की संदिग्ध मौत से सनसनी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

