आसनसोल में नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 600 ग्राम से अधिक ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 31 अगस्त आसनसोल। आसनसोल में प्रतिबंधित मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डिटेक्टिव डिपार्टमेंट की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 600 ग्राम से अधिक ब्राउन शुगर बरामद की है। इस मामले में दो कथित तस्करों को गिरफ्तार करने के साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मारुति सुजुकी अर्टिगा कार भी जब्त की गई है।पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त की रात खुफिया सूत्रों से सूचना मिली थी कि आसनसोल उत्तर थाना क्षेत्र के लालगंज-जुबिली रोड स्थित राय मैदान की ओर एक वाहन से बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ पहुंचाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए डिटेक्टिव डिपार्टमेंट की विशेष टीम ने इलाके में निगरानी बढ़ाते हुए घेराबंदी कर दी।इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में एक अर्टिगा कार वहां पहुंची। पुलिस टीम ने वाहन को रोककर उसमें सवार दो लोगों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान कार के अंदर से 600 ग्राम से अधिक ब्राउन शुगर बरामद होने पर दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने वाहन को भी अपने कब्जे में ले लिया।बरामद मादक पदार्थ की कीमत लाखों रुपये होने का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि, इसकी वास्तविक कीमत और अन्य विवरण जांच के बाद स्पष्ट होंगे।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूछताछ के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ब्राउन शुगर की खेप कहां से लाई गई थी और इसे आसनसोल में किसे पहुंचाया जाना था।जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि इस पूरे नेटवर्क के पीछे कोई बड़ा तस्करी गिरोह या अंतरराज्यीय मादक पदार्थ सिंडिकेट सक्रिय है या नहीं। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *