न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 14 सितंबर बाराबनी। आगामी दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर बाराबनी थाना परिसर में पुलिस और पूजा समितियों के प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बाराबनी थाना की पहल पर आयोजित बैठक में क्षेत्र की विभिन्न पूजा समितियों के पदाधिकारी, सदस्य और स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में थाना प्रभारी दिव्येंदु मुखर्जी ने पूजा आयोजन से संबंधित प्रशासनिक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी।पुलिस की ओर से पूजा समितियों को 12 सूत्री गाइडलाइन का पालन करने का निर्देश दिया गया। इसमें पूजा आयोजन को निर्धारित धार्मिक परंपराओं के अनुरूप संचालित करना, किसी भी शोभायात्रा या विशेष कार्यक्रम के लिए पूर्व सूचना देने के साथ प्रशासन से अनुमति लेना तथा स्वयंसेवकों की सूची थाने में जमा करना प्रमुख है। स्वयंसेवक पुलिस और सिविक वॉलंटियर्स के साथ मिलकर भीड़ नियंत्रण तथा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करेंगे।प्रशासन ने पंडालों में श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारू रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने पर विशेष जोर दिया। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी पूजा समितियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की हिदायत दी गई।थाना प्रभारी दिव्येंदु मुखर्जी ने कहा कि दुर्गोत्सव पश्चिम बंगाल का प्रमुख त्योहार है। पूजा के दौरान बड़ी संख्या में विभिन्न समुदायों के लोग पंडालों में पहुंचते हैं। ऐसे में पूजा की परंपराओं के साथ श्रद्धालुओं के सुरक्षित और सुगम आवागमन की जिम्मेदारी सभी की है।बाराबनी मंडल अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार की गाइडलाइन के अनुरूप पूजा समितियों को नियमों की जानकारी दी गई है और पात्र समितियों को निर्धारित प्रावधानों के तहत अनुदान मिलेगा।वहीं बाराबनी सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष गौतम सेन ने प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण और व्यवस्थित पूजा आयोजन का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा दिए गए सभी दिशा-निर्देशों को समिति गंभीरता से लागू करेगी।
दुर्गोत्सव को लेकर बाराबनी पुलिस अलर्ट, पूजा समितियों को सौंपी 12 सूत्री गाइडलाइन

