न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 31 जुलाई आसनसोल। पश्चिम बंगाल के जामुड़िया थाना क्षेत्र में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में एक संदिग्ध हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से दो अवैध आग्नेयास्त्र और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है।जानकारी के अनुसार, एसटीएफ को सूचना मिली थी कि जामुड़िया थाना क्षेत्र के केंदा बेलबाद बस स्टैंड के समीप एक युवक अवैध हथियार लेकर किसी का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही एसटीएफ की टीम ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान 24 वर्षीय खैरुल आलम चौधरी को हिरासत में लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से दो अवैध हथियार और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।पूछताछ के बाद एसटीएफ ने आरोपी को जामुड़िया थाना पुलिस के हवाले कर दिया और लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर पुलिस ने उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पश्चिम बर्धमान जिले के पांडवेश्वर थाना क्षेत्र स्थित डालुर बांध इलाके का निवासी बताया जा रहा है।प्रारंभिक जांच में जांच एजेंसियों को आशंका है कि गिरफ्तार युवक किसी बड़े अवैध हथियार तस्करी गिरोह से जुड़ा हो सकता है। अब यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद हथियार कहां से लाए गए थे और इन्हें किसे पहुंचाया जाना था। शुक्रवार को आरोपी को आसनसोल अदालत में पेश कर एसटीएफ ने आगे की पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की।जांच अधिकारियों का मानना है कि इस गिरफ्तारी से हथियारों की अवैध सप्लाई करने वाले नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध हथियारों के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
जामुड़िया में एसटीएफ का बड़ा एक्शन, दो देसी हथियार और कारतूस के साथ संदिग्ध हथियार तस्कर गिरफ्तार
