चित्तरंजन में एरिया-6 का खोदालधाम मंदिर और एरिया-5 की ‘राजवाड़ी में उमा’ थीम ने मोहा मन, दर्शन को उमड़ी भीड़

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 18 अक्टूबर चित्तरंजन। रेल नगरी चित्तरंजन में दुर्गापूजा की सप्तमी पर उत्सव का रंग चढ़ने लगा है। आकर्षक पंडालों, कलात्मक प्रतिमाओं और मनमोहक सजावट के बीच श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। इस बार एरिया-6 में गुजरात के प्रसिद्ध खोदालधाम मंदिर की तर्ज पर निर्मित पंडाल और एरिया-5 की राजवाड़ी शैली में सजी ‘उमा’ थीम लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है।दुर्गोत्सव की खूबसूरत झलकियां दर्शकों तक पहुंचाने के अभियान के तहत न्यूज 61 लाइव की टीम ने अपने दूसरे दिन के सफर में पांच और पूजा समितियों के पंडालों एवं प्रतिमाओं को कैमरे में कैद किया। इस चरण में हिल कॉलोनी, एरिया-6, दक्षिण-पश्चिम, एरिया-5 और एरिया-4 की झलकियां साझा की जा रही हैं।एरिया-6 का पंडाल अपनी भव्य संरचना के कारण श्रद्धालुओं को खासा आकर्षित कर रहा है। गुजरात के प्रसिद्ध खोदालधाम मंदिर की वास्तुकला से प्रेरित इस पंडाल को देखने के लिए दूर-दराज से भी लोग पहुंच रहे हैं। यहां स्थापित साबेकी शैली की मां दुर्गा की प्रतिमा पारंपरिक बंगाली पूजा की छटा बिखेर रही है। प्रतिमा के दर्शन के लिए करीब आधा किलोमीटर तक श्रद्धालुओं की कतार देखी जा रही है। अपनी बारी की प्रतीक्षा करते हुए लोग इस अनूठी कलात्मक प्रस्तुति का आनंद ले रहे हैं।दूसरी ओर, एरिया-5 में राजवाड़ी शैली पर आधारित ‘उमा’ थीम ने दुर्गापूजा की रौनक को और खास बना दिया है। पंडाल की शाही सजावट और आकर्षक प्रतिमा को निहारने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग रही हैं। लोग परिवार के साथ पहुंचकर इस कलात्मक प्रस्तुति को यादगार बना रहे हैं।हिल कॉलोनी, दक्षिण-पश्चिम और एरिया-4 के पंडाल भी इस विशेष कवरेज का हिस्सा हैं। चित्तरंजन की दुर्गापूजा एक बार फिर आस्था, परंपरा और रचनात्मकता का अनूठा संगम पेश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *