लो वोल्टेज की शिकायत पर हरकत में आए स्वास्थ्य मंत्री, बिजली विभाग पहुंचकर अधिकारियों से की जवाबदेही, जल्द समाधान का भरोसा

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 1 जुलाई 2026 जामताड़ा। जामताड़ा में पिछले कुछ दिनों से लगातार बनी लो वोल्टेज की समस्या को लेकर आम लोगों में बढ़ती नाराजगी के बीच झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बुधवार को विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता कार्यालय पहुंचकर हालात की समीक्षा की। कार्यालय पहुंचने के बाद उन्होंने विभागीय अधिकारियों से बिजली आपूर्ति में आ रही तकनीकी बाधाओं की विस्तृत जानकारी ली और उपभोक्ताओं को जल्द राहत दिलाने के लिए तत्काल पहल की।कार्यपालक अभियंता अभिषेक आनंद ने मंत्री को बताया कि सामान्य परिस्थितियों में जामताड़ा को मैथन ग्रिड से सीधे 1.32 लाख वोल्ट की विद्युत आपूर्ति होती है। लेकिन वर्तमान में तकनीकी खराबी के कारण इस लाइन से बिजली नहीं मिल पा रही है। इसके विकल्प के रूप में फिलहाल मैथन से दुमका, देवघर और मधुपुर होते हुए जामताड़ा तक बिजली पहुंचाई जा रही है। लंबी दूरी तय कर आपूर्ति होने के कारण वोल्टेज में कमी आ रही है, जिससे घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ व्यापारिक प्रतिष्ठानों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने मौके पर ही विभाग के वरीय अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत की। उन्होंने बिजली आपूर्ति को जल्द सामान्य करने और तकनीकी खराबी को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने का आग्रह किया। बातचीत के दौरान बिजली विभाग के महाप्रबंधक ने आश्वस्त किया कि संबंधित तकनीकी समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई तेज कर दी गई है और जल्द ही जामताड़ा में नियमित व पर्याप्त वोल्टेज के साथ बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि बिजली जैसी बुनियादी सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए और बिजली व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की सुविधाओं को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है और लोगों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है।इस दौरान चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, मुक्ता मंडल, वर्षा, इरशाद उल हक सहित बड़ी संख्या में विद्युत उपभोक्ता भी कार्यालय पहुंचे। उपस्थित लोगों ने लो वोल्टेज के कारण घरों, दुकानों और छोटे कारोबारों में हो रही परेशानियों से मंत्री को अवगत कराया। मंत्री ने सभी उपभोक्ताओं को भरोसा दिलाया कि विभाग के साथ समन्वय बनाकर इस समस्या का शीघ्र स्थायी समाधान कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *