बराकर बाजार में इंफोर्समेंट की दबिश, अचानक छापेमारी से दुकानदारों में मचा हड़कंप

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 12 सितंबर बराकर। आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में मनमानी और संभावित मुनाफाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए शनिवार सुबह बराकर में इंफोर्समेंट विभाग ने व्यापक जांच अभियान चलाया। पश्चिम बंगाल और आसनसोल इंफोर्समेंट विभाग की संयुक्त टीम ने बिना पूर्व सूचना के बाजार की विभिन्न दुकानों और प्रतिष्ठानों में पहुंचकर स्टॉक, कीमत और सामान की गुणवत्ता की पड़ताल की। अचानक अधिकारियों के पहुंचने से बाजार क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।संयुक्त टीम ने सब्जी बाजार, फल मंडी, मछली बाजार, चिकन दुकानों के साथ-साथ किराना प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने दुकानदारों से बिक्री किए जा रहे सामान की कीमतों और उपलब्ध स्टॉक से संबंधित जानकारी ली। जांच के दौरान यह भी देखा गया कि कहीं ग्राहकों से निर्धारित या प्रचलित बाजार मूल्य से अधिक राशि तो नहीं वसूली जा रही है।अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि आवश्यक वस्तुओं की कीमत में कृत्रिम बढ़ोतरी, कालाबाजारी अथवा ग्राहकों से अतिरिक्त राशि वसूलने की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर एफआईआर दर्ज कराने समेत कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।अभियान में पश्चिम बंगाल इंफोर्समेंट विभाग के इंस्पेक्टर सुजीत हालदार, एसआई तरुण हालदार और एएसआई वैद्यनाथ नस्कर शामिल रहे। आसनसोल इंफोर्समेंट विभाग से एसआई लोकेश दास और एएसआई संजीव मिश्रा ने कार्रवाई में हिस्सा लिया। सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बराकर पुलिस तथा सिविक जवानों की तैनाती रही।विभाग ने संकेत दिया कि बाजारों में कीमतों की निगरानी के लिए ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे। कार्रवाई के बाद मनमाने दाम वसूलने वाले कारोबारियों में चिंता बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *